भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों ने तत्काल प्रभाव से युद्धविराम पर सहमति जता दी है। यह सहमति अमेरिका की मध्यस्थता में हुई एक लंबी बातचीत के बाद बनी है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट करते हुए कहा कि, “संयुक्त राज्य अमेरिका की भूमिका में हुई एक गहन चर्चा के बाद भारत और पाकिस्तान अब पूर्ण सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। हम दोनों देशों की परिपक्वता और दूरदर्शिता की सराहना करते हैं।”
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को एंटोनियो रुबियो ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि बीते 48 घंटों में अमेरिका के शीर्ष अधिकारियों ने भारत और पाकिस्तान के वरिष्ठ नेताओं व सैन्य अधिकारियों से संपर्क कर अहम वार्ता की। उन्होंने कहा कि यह कदम शांति बहाल करने की दिशा में ऐतिहासिक माना जाएगा।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भी इस समझौते की पुष्टि करते हुए कहा कि पाकिस्तान हमेशा क्षेत्रीय स्थिरता और शांति के लिए प्रतिबद्ध रहा है और यह सीजफायर उसी प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है।
यह घटनाक्रम क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिहाज से एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। हालांकि अभी तक भारत सरकार की ओर से औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन अमेरिकी पक्ष और पाकिस्तान ने इस सहमति को सार्वजनिक कर दिया है।
(नोट: यह एक विकासशील खबर है, इसमें और जानकारी आने पर इसे अपडेट किया जाएगा।)