मणिपुर के चंदेल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। असम राइफल्स की इकाई ने जवाबी फायरिंग में 10 हथियारबंद उग्रवादियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब उग्रवादियों ने अचानक सैनिकों पर गोलीबारी शुरू कर दी थी।
भारतीय सेना की पूर्वी कमांड के अनुसार, यह ऑपरेशन विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। सुरक्षाबलों को न्यू समतल गांव के पास उग्रवादियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान फायरिंग हुई और जवानों ने रणनीतिक तरीके से जवाबी कार्रवाई की।
सेना ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। ऑपरेशन के बाद भी क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है, क्योंकि और उग्रवादियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह कार्रवाई मणिपुर में चल रही अशांति के बीच भारतीय सेना के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। हाल ही में भारत सरकार ने म्यांमार सीमा पर फ्री मूवमेंट रिजीम (FMR) को समाप्त कर बॉर्डर सील करने का बड़ा फैसला लिया था। इसके खिलाफ कुछ जनजातियों ने विरोध भी किया, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया।