📄 रिपोर्ट:
पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दिघवारा स्टेशन जाने के लिए लिफ्ट लेना एक महिला डांसर और उसके पति को इतना भारी पड़ा कि उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई। बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने तीन युवकों ने महिला के साथ उसके पति के सामने खेत में सामूहिक दुष्कर्म किया और फरार हो गए।
घटना शंकरपुर गांव की है, जहां एक शादी समारोह में डांस प्रोग्राम में भाग लेने के लिए 25 वर्षीय महिला डांसर अपने पति के साथ आई थी। बुधवार की सुबह दोनों दिघवारा रेलवे स्टेशन जा रहे थे, तभी एक युवक ने उन्हें लिफ्ट देने की पेशकश की। महिला और उसका पति उस युवक की बाइक पर बैठ गए। इसके बाद उसने अपने दो और साथियों को बुला लिया।
तीनों युवक महिला और उसके पति को स्टेशन ले जाने के बजाय शंकरपुर के पास एक सुनसान बधार (खेत) में ले गए। वहां उन्होंने पिस्तौल की नोक पर महिला के पति को धमकाया और मकई के खेत में महिला से बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद पीड़िता और उसका पति दिघवारा थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें शाहपुर थाने जाने को कहा गया। बाद में महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों – मनीष और मनोज – को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी मनीष कुमार आनंद ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना न केवल राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी पैदा करती है।